जनपद झांसी के लहचूरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरौटा में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे एक अज्ञात महिला का अर्धनग्न शव पड़ा मिला। शव की हालत बेहद भयावह थी, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की उम्र लगभग 35 वर्ष आंकी जा रही है। महिला का शव अर्धनग्न अवस्था में था तथा उसका सिर बुरी तरह कुचला हुआ था, जिसके चलते उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों ने जब शव को देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही लहचूरा थाना पुलिस एवं उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस हत्या, दुर्घटना सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। आसपास के क्षेत्र में पूछताछ की जा रही है तथा महिला की पहचान कराने के प्रयास भी तेज कर दिए गए हैं।
एसपी देहात डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि सड़क किनारे एक महिला का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। मौके पर पहुंचकर जांच की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
फिलहाल इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग इस सनसनीखेज वारदात को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। पुलिस आरोपियों तक पहुंचने के लिए सक्रियता से जुटी हुई है।











Leave a Reply