झांसी में 4 से 13 दिसंबर तक शिव महापुराण एवं श्री हनुमंत कथा का भव्य आयोजन

Spread the love

धर्म, अध्यात्म और सनातन संस्कृति का मिलेगा संगम, विधायक रवि शर्मा ने श्रद्धालुओं से सहभागिता की अपील

झांसी। जन-जन के सुख, शांति और समृद्धि तथा समाज में आध्यात्मिक चेतना का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से झांसी में दिसंबर माह में दो भव्य धार्मिक आयोजनों का आयोजन किया जा रहा है। विधायक रवि शर्मा एवं जनसेवा मंडल झांसी के तत्वावधान में 4 से 13 दिसंबर 2026 तक शिव महापुराण एवं श्री हनुमंत कथा का आयोजन किया जाएगा।आयोजकों के अनुसार 4 से 10 दिसंबर तक राधिका ऑर्किड के सामने, कानपुर रोड, झांसी में अंतरराष्ट्रीय ख्यातिलब्ध संत एवं कथावाचक पूज्य पंडित प्रदीप मिश्रा जी (सीहोर वाले) के श्रीमुख से शिव महापुराण कथा का आयोजन होगा। इस दौरान भगवान शिव की महिमा, भक्ति, श्रद्धा एवं सनातन परंपराओं से जुड़े प्रसंगों का श्रवण श्रद्धालुओं को कराया जाएगा। आयोजन में विशाल पार्थिव शिवलिंग निर्माण भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।

इसके पश्चात 11 से 13 दिसंबर 2026 तक इसी स्थल पर श्री हनुमंत कथा का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर पीठाधीश्वर श्री बागेश्वर धाम सरकार के श्रीमुख से पूज्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी द्वारा श्री हनुमंत कथा का श्रवण कराया जाएगा।

आयोजक विधायक रवि शर्मा ने कहा कि दोनों आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि झांसी के जनमानस में सुख, शांति, समृद्धि, आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक एकता और सनातन संस्कृति के संदेश को मजबूत करने का माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

श्रद्धालुओं से सहभागिता की अपील विधायक रवि शर्मा ने झांसी एवं आसपास के जनपदों के श्रद्धालुओं, धर्मप्रेमी नागरिकों और सनातन संस्कृति में आस्था रखने वाले लोगों से दोनों धार्मिक आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने श्रद्धालुओं से शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में कथा श्रवण कर आयोजन को सफल बनाने का आग्रह किया।

आयोजन की रूपरेखा एवं तैयारियों को लेकर 4 अक्टूबर 2026 को दोपहर 1 बजे श्री सिद्धेश्वर मंदिर, ग्वालियर रोड, झांसी में प्रेसवार्ता आयोजित की गई, जिसमें धार्मिक आयोजनों से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *