झांसी। बिजौली क्षेत्र के कौड़रा निवासी वृद्ध सियाराम ने अपनी पुस्तैनी भूमि पर न्यायालय में वाद विचाराधीन होने के बावजूद अवैध निर्माण कराए जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि वह कई बार डायल 112, थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत कर चुका है, लेकिन निर्माण कार्य नहीं रोका गया। सियाराम के अनुसार राजगढ़ स्थित उनकी भूमि, जो देशी शराब की दुकान के पीछे स्थित है, को लेकर सिविल जज जूनियर डिवीजन न्यायालय, झांसी में वाद लंबित है। न्यायालय द्वारा विपक्षी पक्ष को तलब किया गया है तथा मामले की अगली सुनवाई 17 जुलाई 2026 को निर्धारित है। इसके बावजूद विपक्षी पक्ष कथित रूप से भूमि पर निर्माण कार्य कर रहा है।

पीड़ित का आरोप है कि निर्माण कार्य कराने वाले लोग स्वामित्व संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार को एक बार फिर निर्माण कार्य शुरू होने पर डायल 112 को सूचना दी गई, लेकिन निर्माण नहीं रुकवाया गया। वृद्ध सियाराम ने कहा कि वह थाना, पुलिस अधिकारियों एवं प्रशासनिक अफसरों के समक्ष कई बार शिकायत कर चुके हैं, फिर भी उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर भूमि पर हो रहे कथित अवैध निर्माण को तत्काल रुकवाने तथा न्याय दिलाने की मांग की है।











Leave a Reply