अंतर्रष्ट्रीय मंच पर चमका झाँसी का नाम, विहान जैन ने अमेरिका में रचा इतिहास

Spread the love

झाँसी से जुड़ा एक और नाम अब अंतर्रष्ट्रीय खेल जगत में चमक उठा है। गुरुग्राम निवासी 16 वर्षीय युवा गोल्फर विहान जैन ने अमेरिका के लुइसियाना स्थित ओकविंग गोल्फ क्लब में आयोजित प्रतिष्ठित एजेजीए (American Junior Golf Association) टूर्नामेंट में शानदार जीत दर्ज कर देश का गौरव बढ़ाया है। 13 मार्च 2026 को हुए इस मुकाबले में विहान ने 4-अंडर-पार 212 के कुल स्कोर के साथ यह खिताब अपने नाम किया। उन्होंने 72, 68 और 72 के राउंड खेलते हुए चुनौतीपूर्ण 6,842 यार्ड के कोर्स पर बेहतरीन प्रदर्शन किया। मुकाबले के अंतिम क्षण बेहद रोमांचक रहे, लेकिन विहान ने दबाव में भी शानदार खेल दिखाते हुए 18वें होल पर बर्डी लगाकर जीत सुनिश्चित की और इस प्रतियोगिता को जीतने वाले पहले भारतीय बन गए।

विहान जैन की यह सफलता उनके लगातार बेहतर होते प्रदर्शन का परिणाम है। इससे पहले फरवरी 2026 में उन्होंने आईटीसी क्लासिक के दौरान इंडियन अमेच्योर क्वालिफायर भी जीता था, जहां उन्होंने अंतिम होल पर शानदार ईगल मारकर मुकाबले को प्लेऑफ में पहुंचाया और फिर संयमित बर्डी के साथ जीत हासिल की। अंतर्रष्ट्रीय स्तर पर भी उनका प्रदर्शन लगातार प्रभावशाली रहा है। उन्होंने आईएमजी जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में टॉप-15 और एफसीजी इंटरनेशनल जूनियर चैंपियनशिप में टॉप-20 स्थान हासिल किया है, वहीं 2024 और 2025 में यूएस किड्स गोल्फ टीन वर्ल्ड चैंपियनशिप में लगातार टॉप-20 में जगह बनाई।

खेल के साथ-साथ पढ़ाई में भी विहान जैन अव्वल हैं। वे वर्तमान में लॉरेल स्प्रिंग्स स्कूल के छात्र हैं और उनका जीपीए 3.97 है, जो उनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता को दर्शाता है। उनके शानदार प्रदर्शन के चलते उन्हें वर्ल्ड अमेच्योर गोल्फ रैंकिंग (WAGR) में टॉप 1500 और जूनियर गोल्फ स्कोरबोर्ड में टॉप 400 में स्थान मिला है।

विहान जैन का झांसी से भी गहरा नाता है। उनके दादा झांसी के प्रसिद्ध व्यापारी हैं और इलाइट सिनेमा के मालिक के रूप में जाने जाते हैं, जबकि उनके पिता नितिन जैन एक्सपोर्ट-इम्पोर्ट के सफल व्यवसायी हैं। ऐसे परिवार से आने वाले विहान ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर अंतर्रष्ट्रीय मंच पर जो पहचान बनाई है, वह पूरे झांसी और देश के लिए गर्व की बात है।

विहान के दादा विजय जैन व दादी जया जैन

विहान के दादा विजय कुमार जैन ने कहा हमारे लिए यह अत्यंत गर्व और खुशी का क्षण है कि हमारे पोते विहान जैन ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गोल्फ में शानदार प्रदर्शन कर देश और परिवार का नाम रोशन किया है। बचपन से ही विहान में खेल के प्रति समर्पण, अनुशासन और मेहनत की झलक साफ दिखाई देती थी, और आज उसकी मेहनत का यह परिणाम हम सभी के सामने है। झांसी की धरती से निकलकर वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बनाना किसी भी युवा के लिए बड़ी उपलब्धि है। विहान की इस सफलता ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि लगन और सही मार्गदर्शन मिले तो हमारे देश के बच्चे विश्व स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। मैं झांसी वासियों और सभी शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने विहान को अपना आशीर्वाद और समर्थन दिया।

अपनी इस ऐतिहासिक जीत पर विहान ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि पहला एजेजीए खिताब जीतना उनके लिए बेहद खास है, खासकर पहली ही भागीदारी में यह उपलब्धि हासिल करना उन्हें आगे और मेहनत करने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने अपने कोच, माता-पिता और आयोजकों का आभार व्यक्त किया और कहा कि उनका लक्ष्य अंतर्रष्ट्रीय स्तर पर लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन करना है।

विहान अब अमेरिका में कॉलेजिएट गोल्फ खेलने के अपने बड़े लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं। उनका यह प्रदर्शन इस बात का संकेत है कि भारतीय युवा खिलाड़ी अब वैश्विक मंच पर मजबूती से अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं और आने वाले समय में विहान जैसे सितारे देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *