चिरगांव पुलिस ने मुठभेड़ में दो बदमाश दबोचे, तमंचा-कारतूस, 5 लाख नकद व कूपन थैला सहित मोबाइल बरामद

Spread the love

झाँसी। जनपद पुलिस द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चिरगांव पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने लूट की वारदात का खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को चेकिंग के दौरान मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में दोनों बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध असलहा, कारतूस, नकदी, कूपन थैला तथा मोबाइल फोन सहित अन्य सामग्री बरामद की है।

थाना चिरगांव से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 19 जनवरी 2026 को थाना क्षेत्र में नियमित चेकिंग के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि लूट कांड से जुड़े दो आरोपी भांडेर रोड की ओर से गुजरने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने भांडेर रोड के पास घेराबंदी कर संदिग्धों की जांच शुरू की। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास किए जाने पर आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपी घायल हो गए। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके से दोनों को दबोच लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान नरेश परिहार पुत्र मैटली परिहार, उम्र लगभग 23 वर्ष, निवासी ग्राम बीकर, थाना-दुरसड़ा, जिला-दतिया (मध्यप्रदेश) तथा जितेन्द्र पटेल पुत्र स्वर्गीय रामकिशन पटेल, निवासी ग्राम दरियापुर, थाना-दुरसड़ा, जिला-दतिया (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी थाना चिरगांव में दर्ज मु0अ0सं0 11/2026, धारा 303(2) बीएनएस के अंतर्गत लूट की घटना से संबंधित हैं।

मुठभेड़ में घायल दोनों आरोपियों को पुलिस द्वारा तत्काल जीवनरक्षक उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में थाना चिरगांव में अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है, साथ ही आरोपियों के आपराधिक इतिहास एवं अन्य साथियों की तलाश भी जारी है। पुलिस को आरोपियों के कब्जे से दो तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, पांच लाख रुपये नकद, 58 कूपन थैला सहित एक मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की मोटर साइकिल बरामद हुई है।

थाना चिरगांव पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अपराधियों के खिलाफ चल रही प्रभावी मुहिम का हिस्सा बताया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *