होटल पर देह व्यापार, अवैध शराब के गंभीर आरोप; गाँव की बदनामी से क्षुब्ध ग्रामीण पहुंचे एसएसपी कार्यालय

Spread the love

झाँसी। थाना बबीना क्षेत्र के ग्राम बड़ोरा के निवासियों ने स्थानीय होटल पर लगाए जा रहे देह व्यापार और अवैध शराब परोसे जाने के आरोपों को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की है। इस संबंध में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने 12 दिसंबर 2025 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झांसी को एक विस्तृत प्रार्थना-पत्र सौंपा, जिसमें सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में किए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच की माँग की गई है।

ग्रामीणों ने अपने लिखित आवेदन में बताया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित अधिवक्ता जितेन्द्र कुमार द्वारा जारी किए गए एक वीडियो में ग्राम बड़ोरा चौराहे स्थित होटल पर अवैध गतिविधियों का आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों ने कहा कि उक्त वीडियो में होटल के विरुद्ध देह व्यापार, अवैध शराब बिक्री और बाहर से आने वाले युवक-युवतियों को कमरे उपलब्ध कराए जाने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए, जिससे पूरे क्षेत्र की साख धूमिल हो रही है।

ग्रामवासियों ने होटल संचालक पर संदेह, पर गाँव को बदनाम किए जाने पर कड़ी आपत्ति – प्रार्थना-पत्र में निवासियों ने स्पष्ट किया कि वीडियो में लगाए गए आरोप होटल से जुड़े व्यक्तियों पर तो हैं, परंतु जिस प्रकार पूरे गाँव और स्थानीय लोगों की छवि पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है, वह अनुचित है। ग्रामीणों ने कहा कि बड़ोरा एक शांतिपूर्ण और मेहनतकश लोगों का गाँव है, जिसे सोची-समझी या एकतरफा जानकारी के आधार पर बदनाम किया जाना अन्यायपूर्ण व अस्वीकार्य है। ग्रामीणों ने यह भी उल्लेख किया कि होटल के संबंध में कुछ मामलों में पुलिस द्वारा संचालक को पकड़कर थाने भी लाया गया था, किंतु बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। आवेदन में कहा गया है कि इन परिस्थितियों को देखते हुए होटल में वास्तव में क्या हो रहा है, इसकी सत्यता उजागर होना अत्यंत आवश्यक है।

ग्रामीणों ने पुलिस पर संरक्षण के आरोपों की जाँच की भी माँग की – प्रार्थना-पत्र में यह भी उल्लेख है कि होटल को स्थानीय स्तर पर संरक्षण मिलने की चर्चाएँ होती रही हैं, जिसके कारण स्थानीय लोग विरोध नहीं कर पाते। ग्रामीणों ने इस बात की भी निष्पक्ष जाँच कराए जाने की माँग की है कि होटल में संदिग्ध गतिविधियाँ होती हैं या नहीं और यदि होती हैं तो उन्हें संरक्षण कौन दे रहा है।

निष्पक्ष जाँच और कठोर कार्रवाई की अपील – ग्रामवासियों ने अपने हस्ताक्षरों और अंगूठा निशानों के साथ किए गए आवेदन में पुलिस अधीक्षक झाँसी से यह निवेदन किया है कि होटल युवराज पर लगाए गए सभी आरोपों की जाँच किसी निष्पक्ष वरिष्ठ अधिकारी से कराई जाए। यदि जाँच में होटल संचालकों की संलिप्तता सिद्ध होती है, तो उनके विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाए। बड़ोरा ग्राम और उसके निवासियों की छवि जो सोशल मीडिया के वीडियो से धूमिल हुई है, उसे पुनः स्थापित किए जाने में प्रशासन सहयोग करे।

ग्रामवासियों ने कहा न्याय चाहिए, बदनामी नहीं – ग्रामीणों ने कहा कि उन्हें न्याय की अपेक्षा है और वे नहीं चाहते कि उनके गाँव की पहचान किसी अवैध गतिविधि से जोड़ी जाए। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से अनुरोध किया है कि तथ्य सामने आएँ ताकि निर्दोष लोगों को बदनामी से मुक्ति मिल सके और यदि कोई दोषी है तो उसका खुलासा होकर कार्रवाई सुनिश्चित हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *