झाँसी। अपराध पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत झांसी पुलिस को शुक्रवार को महत्वपूर्ण सफलता मिली। थाना गरौठा पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी तमंचा व कारतूस बरामद किए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के दिशा-निर्देश में थाना क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को दो युवकों के संदिग्ध रूप से घूमने की सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी की तो एक युवक ने भागने की कोशिश में पुलिस पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में वह घायल होकर गिर पड़ा, जबकि उसका साथी मौके पर ही पकड़ लिया गया।
पुलिस के अनुसार, दोनों अभियुक्तों ने 13 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ कुकर्म का प्रयास करते हुए उसका वीडियो बनाया था और उसे वायरल करने की धमकी देकर परिवार से 5 लाख रुपये की मांग की थी। इस घिनौने कृत्य ने इलाके में सनसनी फैला दी थी।

गिरफ्तार युवकों की पहचान मुहल्ला रामनगर, करबला निवासी बैभव पटसारिया (19 वर्ष) तथा उसके भाई विशाल पटसारिया (21 वर्ष) के रूप में हुई है। तलाशी में पुलिस को एक देशी तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस तथा एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। दोनों आरोपियों पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराध और अवैध असलहों के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी सख्ती से जारी रहेगा। स्थानीय लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।












Leave a Reply