झाँसी। जनपद में साइबर व आर्थिक अपराधों पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रेमनगर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने ₹25,000 की इनामी और लंबे समय से फरार चल रही ठग महिला डॉली श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर लिया। डॉली श्रीवास्तव फर्जी निवेश योजनाओं के जरिए लोगों को झांसा देने वाली एक मामले में वांछित थी तथा उस पर वर्ष 2021 में धोखाधड़ी का मुकदमा पंजीकृत है।

पूरा मामला वर्ष 2021 में तब सामने आया था, जब नगरा निवासी खेमचंद शर्मा ने प्रेमनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि डॉली श्रीवास्तव और उसके सहयोगियों ने एक कथित “म्युचुअल बेनिफिट” स्कीम के नाम पर उनसे और अन्य निवेशकों से लाखों रुपये की ठगी की। इस मामले में पुलिस ने पाया कि आरोपी ने फर्जी दस्तावेज, फर्जी एग्रीमेंट और मनगढ़ंत निवेश योजनाएँ बनाकर कई लोगों से राशि वसूली थी। इसी धोखाधड़ी प्रकरण में आरोपी के खिलाफ धारा 420, 467, 468 के तहत गंभीर धाराएँ लगाई गई थीं। लगातार फरार रहने के कारण पुलिस ने उस पर ₹25,000 का पुरस्कार घोषित किया था।
नोएडा में छापेमारी कर गिरफ्तार
गोपनीय सूचना पर झाँसी पुलिस की दो टीमों ने थाना—इकोटेक-3, ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में दबिश दी और आरोपी को उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का मूल पता 69 पारस बंगला, नवानगर, अहमदाबाद (गुजरात) है, जबकि वह हाल में फ्लैट नंबर 207, कृष्णा रेजिडेंसी, हलद्वानी मोड़, सैनी वाली गली, ग्रेटर नोएडा में रह रही थी। प्रेमनगर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई हेतु अदालत में प्रस्तुत किया।
पुलिस ने कहा—निवेश के नाम पर बड़ा जालसाज़ी नेटवर्क
प्रेमनगर पुलिस के अनुसार आरोपी पर जिस कंपनी से जुड़े होने का आरोप है—उसके माध्यम से कई जिलों में लोगों से निवेश के नाम पर धन संग्रहित किया गया। पुलिस को आशंका है कि आरोपी के अन्य साथी भी इस ठगी नेटवर्क में सक्रिय थे। पुलिस अब वित्तीय लेनदेन, बैंक खातों और कंपनी रिकॉर्ड की अलग से जांच करेगी।

पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्यवाही
कार्यवाही को एडीजी ज़ोन कानपुर, आलोक सिंह तथा झाँसी के पुलिस महानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में संचालित किया गया। बीबीजीटीएस मूर्ति पुलिस अधीक्षक झाँसी के कुशल निर्देशन में यह गिरफ्तारी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक रवि श्रीवास्तव, उप निरीक्षक अनुपम यादव, उप निरीक्षक रविकांत शुक्ल, महिला आरक्षी आशा तोमर व महिला आरक्षी सपना सम्मिलित रहे।












Leave a Reply