नई दिल्ली। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) ने उच्च शिक्षण संस्थानों में समानता और भेदभाव रोकने के उद्देश्य से नए नियम लागू किए हैं। इन नियमों के तहत देश के प्रत्येक कॉलेज में इक्वल ऑपर्च्युनिटी सेंटर (EOC) की स्थापना अनिवार्य कर दी गई है। यूजीसी के अनुसार यह केंद्र पिछड़े और वंचित वर्ग के छात्रों को पढ़ाई, फीस और भेदभाव से जुड़े मामलों में सहयोग प्रदान करेगा। इसके साथ ही हर कॉलेज में एक इक्वलिटी कमेटी (समता समिति) बनाई जाएगी, जिसके अध्यक्ष कॉलेज के प्रमुख होंगे। समिति में SC/ST, OBC, महिलाएं और दिव्यांग वर्ग के सदस्य शामिल होंगे। इस समिति का कार्यकाल दो वर्ष का होगा।

कॉलेज स्तर पर भेदभाव की निगरानी के लिए एक इक्वलिटी स्क्वाड का भी गठन किया जाएगा। किसी भी भेदभाव की शिकायत मिलने पर 24 घंटे के भीतर बैठक करना अनिवार्य होगा। जांच रिपोर्ट 15 दिन के भीतर कॉलेज प्रमुख को सौंपी जाएगी, जिसके बाद कॉलेज प्रमुख को 7 दिनों में कार्रवाई शुरू करनी होगी।
यूजीसी के दिशा-निर्देशों के अनुसार ईओसी को हर छह महीने में कॉलेज प्रशासन को रिपोर्ट देनी होगी। वहीं कॉलेजों को जातीय भेदभाव से संबंधित वार्षिक रिपोर्ट यूजीसी को भेजनी होगी। यूजीसी स्तर पर एक राष्ट्रीय निगरानी कमेटी का भी गठन किया जाएगा। नियमों के उल्लंघन की स्थिति में यूजीसी कॉलेज की ग्रांट रोकने, डिग्री, ऑनलाइन और डिस्टेंस कोर्स पर प्रतिबंध लगाने के साथ ही गंभीर मामलों में कॉलेज की मान्यता रद्द करने की कार्रवाई भी कर सकेगा।

सामान्य वर्ग क्यों विरोध कर रहा है ? सामान्य वर्ग यूजीसी के इन नए नियमों का विरोध मुख्य रूप से इस आधार पर कर रहा है कि नियमों में “समान अवसर” की अवधारणा को एकतरफा तरीके से लागू किया गया है। उनका कहना है कि इक्वलिटी कमेटी में SC/ST, OBC, महिलाएं और दिव्यांग वर्ग को तो स्पष्ट रूप से शामिल किया गया है, लेकिन सामान्य वर्ग के प्रतिनिधित्व का कहीं उल्लेख नहीं है। इससे यह धारणा बनती है कि सामान्य वर्ग को स्वतः ही सशक्त मान लिया गया है, जबकि वास्तविकता में सामान्य वर्ग के अनेक छात्र आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक दबावों का सामना कर रहे हैं।
सामान्य वर्ग का यह भी तर्क है कि नियमों में भेदभाव को केवल जाति आधारित संदर्भ में देखा गया है, जबकि शिक्षा संस्थानों में भेदभाव के अन्य रूप भी मौजूद हैं, जैसे आर्थिक असमानता, मेरिट से जुड़े मुद्दे, फीस, हॉस्टल, स्कॉलरशिप और आरक्षण के कारण उत्पन्न असंतुलन। उनका कहना है कि यदि “इक्वल ऑपर्च्युनिटी” की बात की जा रही है, तो इसमें सभी वर्गों के साथ होने वाले भेदभाव को समान रूप से परिभाषित और संबोधित किया जाना चाहिए।इक्वलिटी स्क्वाड और शिकायत प्रक्रिया को लेकर भी स्वर्ण समाज में चिंता है। 24 घंटे में बैठक, 15 दिन में रिपोर्ट और 7 दिन में कार्रवाई जैसे प्रावधानों को वे अत्यधिक दबाव वाला मानते हैं।

उनका कहना है कि इससे बिना पूरी जांच के जल्दबाजी में कार्रवाई हो सकती है और झूठी या प्रेरित शिकायतों के आधार पर छात्रों और शिक्षकों को परेशान किया जा सकता है। इसके अलावा, सामान्य वर्ग का मानना है कि इस तरह की व्यवस्था से शिक्षा में मेरिट और योग्यता कमजोर पड़ सकती है। उनका तर्क है कि उच्च शिक्षा का मूल आधार समान प्रतियोगिता और योग्यता होना चाहिए, लेकिन अत्यधिक जातिगत निगरानी से पहचान आधारित व्यवस्था को बढ़ावा मिल सकता है, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता प्रभावित होने का खतरा है।
अंत में यूजीसी द्वारा नियमों के उल्लंघन पर कॉलेज की ग्रांट रोकने, डिग्री और ऑनलाइन या डिस्टेंस कोर्स पर प्रतिबंध लगाने तथा गंभीर मामलों में मान्यता रद्द करने जैसे प्रावधानों को स्वर्ण समाज अत्यधिक दंडात्मक मान रहा है। उनका कहना है कि ऐसे कठोर अधिकारों से कॉलेजों में भय का माहौल बन सकता है। इसी कारण सवर्ण समाज इन नियमों में संशोधन की मांग कर रहा है, ताकि समानता के नाम पर किसी भी वर्ग के साथ असमान व्यवहार न हो और सभी छात्रों को वास्तव में बराबर अवसर मिल सकें।

क्या है समर्थकों का कहना ? यूजीसी के नए नियमों के समर्थन में छात्र संगठनों, शिक्षाविदों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह पहल उच्च शिक्षण संस्थानों में समानता, पारदर्शिता और न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में एक आवश्यक कदम है। समर्थकों का मानना है कि इक्वल ऑपर्च्युनिटी सेंटर और इक्वलिटी कमेटी जैसी व्यवस्थाओं से वंचित और कमजोर वर्ग के छात्रों को अपनी समस्याएं खुलकर रखने का मंच मिलेगा और संस्थागत स्तर पर भेदभाव पर प्रभावी रोक लगेगी। उनका यह भी कहना है कि इन नियमों से कॉलेज प्रशासन की जवाबदेही बढ़ेगी और शिक्षा का माहौल अधिक सुरक्षित, समावेशी और संवेदनशील बनेगा। समर्थक वर्ग का विश्वास है कि यदि नियमों को निष्पक्ष और संतुलित तरीके से लागू किया गया, तो इससे न केवल छात्रों का विश्वास बढ़ेगा, बल्कि भारतीय उच्च शिक्षा प्रणाली भी और अधिक मजबूत होगी।

कुल मिलाकर यूजीसी द्वारा लागू किए गए नए नियम उच्च शिक्षण संस्थानों में समानता और भेदभाव-मुक्त वातावरण बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माने जा रहे हैं। हालांकि इन नियमों के उद्देश्य को व्यापक समर्थन मिल रहा है, लेकिन उनके प्रावधानों को लेकर सामान्य वर्ग सहित कई संगठनों ने संतुलन, पारदर्शिता और सभी वर्गों के लिए समान सुरक्षा की मांग उठाई है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यूजीसी नियमों के क्रियान्वयन में स्पष्ट प्रक्रिया, झूठी शिकायतों से बचाव का तंत्र और समानता की व्यापक परिभाषा जोड़ता है, तो यह नीति शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बना सकती है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि यूजीसी इन आपत्तियों और सुझावों पर कितना गंभीरता से विचार करता है और क्या इन नियमों में आवश्यक संशोधन किए जाते हैं, ताकि “इक्वल ऑपर्च्युनिटी” वास्तव में सभी छात्रों के लिए समान अवसर का आधार बन सके।












Leave a Reply