उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड ने बढ़ाई दिक्कतें जनजीवन प्रभावित, झाँसी में भी तापमान में गिरावट, सुबह-शाम बढ़ी ठिठुरन

Spread the love

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। हिमालयी राज्यों में बर्फबारी और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलते दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और मध्यप्रदेश में तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में शीतलहर का प्रकोप और तेज हो सकता है।

राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज हुआ है। सुबह-शाम ठंडी हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। राजस्थान और पंजाब के कई हिस्सों में पारा 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुँच गया है, जिससे सर्दी का असर और तेज हो गया है।

झांसी: तापमान 11°C तक पहुंचा, लोगों ने अलाव का सहारा लिया– बुंदेलखंड के झांसी जिले में भी ठंड का असर साफ दिख रहा है। बीते दिन शहर का न्यूनतम तापमान करीब 11°C और अधिकतम 25.2°C रिकॉर्ड किया गया। तापमान में आई इस गिरावट के कारण सुबह-शाम ठिठुरन बढ़ गई है। शहर के प्रमुख स्थानों स्टेशन, बस स्टैंड, प्रमुख चौराहों व बाजारों में लोग सर्दी से बचने के लिए आग का सहारा लेते नजर आये। मजदूर वर्ग और सुबह-सुबह बाहर निकलने वालों को सबसे ज्यादा कठिनाई हो रही है। नगर निगम द्वारा अलाव एवं रैनबसेरों की व्यवस्था को बढ़ाया जा रहा है।

उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों मेरठ, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर व बरेली में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। स्वास्थ्य विभाग ने विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों को ठंड से बचाव की सलाह जारी की है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पहाड़ों पर बर्फबारी जारी रहने से ठंड में और बढ़ोतरी हो सकती है। आगामी दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना जताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *