उत्तर प्रदेश स्वर्णकार संघ का शपथ ग्रहण समारोह एवं कार्यसमिति की बैठक वाराणसी में अखिल भारतीय स्वर्णकार संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष कश्मीरा सिंह राजपूत की अध्यक्षता में संपन्न हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वाराणसी के मुख्य न्याय अधिकारी मनीष वर्मा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में शोहरतगढ़ के विधायक विनय वर्मा एवं हाटा (कुशीनगर) के विधायक मोहन वर्मा उपस्थित रहे।

बैठक में उत्तर प्रदेश की नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई, जिसमें झांसी के बृज बिहारी सोनी को प्रदेश उपाध्यक्ष तथा विवेक वर्मा को प्रदेश संगठन मंत्री मनोनीत किया गया। शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय सचिव ए.के. सोनी ने कहा कि अब स्वर्णकार समाज को राजनीतिक रूप से मजबूत होने की आवश्यकता है और इसके लिए समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ना होगा।

प्रदेश अध्यक्ष सत्यनारायण सेठ ने प्रदेश व जिलों के पदाधिकारियों को शपथ दिलाते हुए कहा कि वाराणसी में पूरे प्रदेश की सहभागिता यह दर्शाती है कि स्वर्णकार संघ एक सशक्त इकाई के रूप में कार्य कर रहा है। उन्होंने समाज के लोगों से राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में राष्ट्रीय अध्यक्ष कश्मीरा सिंह राजपूत ने कहा कि मंच पर कही जाने वाली बातों को जिम्मेदार अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों तक प्रभावी ढंग से पहुँचाना होगा, ताकि स्वर्णकार समाज अपने अधिकारों से वंचित न रहे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समाज के अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति के साथ भी अखिल भारतीय स्वर्णकार संघ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहेगा। कार्यसमिति की बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी जिलों में संगठन को मजबूत किया जाएगा तथा सभासद, पार्षद, जिला पंचायत, विधायक और सांसद स्तर तक योग्य व्यक्तियों को आगे बढ़ाकर विभिन्न दलों से टिकट की मांग की जाएगी। साथ ही सोना-चांदी के बढ़ते दामों के मद्देनज़र कारीगरों के हित में जीएसटी दर 3% से घटाकर 1% करने की मांग भी उठाई गई।

बुंदेलखंड प्रभारी राघव वर्मा ने सामाजिक एकजुटता का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन की आवाज पर सभी मतभेद भुलाकर एक साथ खड़े हों। झांसी से गए जिला अध्यक्ष राजेंद्र सोनी (राजू सिंगर) ने समाज की एकता पर बल देते हुए कहा कि प्रदेश में कहीं भी स्वर्णकार समाज के उत्पीड़न की स्थिति में वे सबसे पहले खड़े होंगे। शपथ ग्रहण के दौरान झांसी के जिला कोषाध्यक्ष महेंद्र सोनी (बांदा वाले) ने प्रदेश के सभी जिला अध्यक्षों को माला पहनाकर सम्मानित किया और जिलों में मजबूत टीम गठन का आग्रह किया।

झांसी मंडल अध्यक्ष अशोक सोनी ने मंच से घोषणा की कि झांसी मंडल को प्रदेश के मंडलों में अग्रणी स्थान दिलाया जाएगा। बराटा निवासी नंदकिशोर सोनी ने समाज के लिए तन-मन-धन समर्पित करने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम का संचालन व समन्वय प्रदेश महामंत्री शैलेश वर्मा ने किया, जिन्होंने प्रदेश भर से आए पदाधिकारियों का स्वागत कर अंत में आभार व्यक्त किया।












Leave a Reply