झाँसी। भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में गुरुवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा की बैठक जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह, एमएलसी रामतीर्थ सिंघल, शिक्षक विधायक बाबूलाल तिवारी एवं महोबा जिला प्रभारी संजेव श्रृंगीऋषि के आतिथ्य में संपन्न हुई। बैठक की शुरुआत युवा कार्यकर्ताओं के परिचय से हुई, इसके बाद नेताओं ने मतदाता गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को सफल बनाने हेतु युवाओं का उत्साहवर्धन किया।
5 दिन बूथ पर प्रवास करें, फर्जी वोटर हटवायें – जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह
युवाओं में नई ऊर्जा भरते हुए जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह ने कहा कि सभी युवा कम से कम पाँच दिन बूथ स्तर पर प्रवास करें। उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं के गणना पत्रक अभी तक नहीं भरे गए हैं, उन्हें तत्काल भरवाएं, नए मतदाता बनवाएं और फर्जी मतदाताओं की पहचान कर उन्हें सूची से हटाने की कार्रवाई करें। उन्होंने कहा युवाओं के कंधों पर सदैव महत्वपूर्ण कार्यों की जिम्मेदारी होती है। इस अभियान में भी आप सभी को युद्धस्तर पर कार्य करना है ताकि घुसपैठियों को चिन्हित कर शुद्ध मतदाता सूची तैयार की जा सके। बूथ पर चलो अभियान को सार्थक करते हुए हर बूथ का स्वयं सत्यापन करें। उन्होंने युवाओं को कम से कम 50 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य भी दिया। साथ ही कहा कि बिना किसी जाति या धर्म के भेदभाव के हर पात्र नागरिक का फॉर्म भरवाना ही पार्टी का उद्देश्य है।

जिस ओर जवानी चलती है, उस ओर जमाना चलता है – एमएलसी सिंघल
युवाओं को संबोधित करते हुए एमएलसी रामतीर्थ सिंघल ने कहा कि SIR अभियान लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे पूर्ण तन्मयता के साथ अभियान में जुट जाएं। उन्होंने कहा, “जिस ओर जवानी चलती है, उस ओर जमाना चलता है। इसलिए आप सभी अपनी ऊर्जा को पहचानें और अधिक से अधिक मतदाता जोड़ने एवं गणना पत्रक भरवाने का कार्य करें।”
घर-घर पहुँचकर नए मतदाता जोड़ें : शिक्षक विधायक तिवारी
शिक्षक विधायक बाबूलाल तिवारी ने युवाओं से विशेष रूप से स्नातक युवाओं को मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए घर-घर जाकर प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है।
100% सूची शुद्धिकरण का लक्ष्य – सुधीर सिंह
सुधीर सिंह ने स्पष्ट कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को 100% शुद्ध करना है। इसके लिए गणना पत्रकों के साथ-साथ नए मतदाताओं को जोड़ना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए हर पात्र व्यक्ति को मतदान के अधिकार से जोड़ना आवश्यक है।
विभिन्न मोर्चों की संयुक्त बैठक भी हुई
किसान मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा एवं अन्य प्रकोष्ठों की बैठक में भी मतदाता पुनरीक्षण और स्नातक मतदाता अभियान में तेजी लाने पर जोर दिया गया। सभी इकाइयों को बूथ स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए।












Leave a Reply