झाँसी। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अहर्ता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) की घोषित तिथियों को एक सप्ताह बढ़ाते हुए संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया गया है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि संशोधित कार्यक्रम के अनुसार-
11 दिसंबर 2025 तक गणना अवधि निर्धारित की गई है।मतदेय स्थलों का पुनर्संयोजन भी 11 दिसंबर 2025 तक किया जाएगा।
12 दिसंबर से 15 दिसंबर 2025 तक कंट्रोल टेबल का अद्यतन एवं आलेख्य नामावली तैयार की जाएगी।
16 दिसंबर 2025 को निर्वाचन नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन होगा।
16 दिसंबर 2025 से 15 जनवरी 2026 तक दावे और आपत्तियां ली जाएंगी।
नोटिस चरण में गणना प्रपत्रों पर निर्णय एवं दावों-आपत्तियों का निस्तारण ईआरओ द्वारा 16 दिसंबर 2025 से 07 फ़रवरी 2026 तक किया जाएगा।
10 फ़रवरी 2026 को आयोग से अंतिम प्रकाशन की अनुमति ली जाएगी।प्रदेश में मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 14 फ़रवरी 2026 को किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक किया जा रहा है ताकि कोई भी पात्र मतदाता नामांकन से वंचित न रहे। अब तक जनपद में 12 लाख से अधिक, लगभग 79% गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन हो चुका है। 133 मतदेय स्थलों पर BLO द्वारा शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा कर लिया गया है।347 बूथों पर BLO द्वारा 91–100% तक डिजिटाइजेशन का कार्य पूर्ण हो चुका है। शेष बूथों पर कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

उन्होंने कहा कि अवधि एक सप्ताह और बढ़ने से BLO पर अनावश्यक दबाव नहीं रहेगा और शेष कार्य आसानी से समय पर पूरा किया जा सकेगा। जो BLO किसी कारण से कार्य में पीछे रह गए हैं, उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन से पहले 07 दिसंबर 2025 को हर पोलिंग बूथ पर BLO उपस्थित रहेंगे एवं राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (BLA) के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में BLO द्वारा शिफ्टेड, मृतक, स्थानांतरित एवं अनुपस्थित मतदाताओं की सूची BLAs को प्रदान की जाएगी, जिनके नाम ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं होंगे। बैठक का कार्यवृत्त BLO द्वारा तैयार किया जाएगा। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल, पवन पटेल (अपना दल), बद्रीप्रसाद त्रिपाठी (भाजपा), प्रतिभा रिछारिया (कांग्रेस), राधेलाल बौद्ध (समाजवादी पार्टी), ब्रजेश कुमार (बीएसपी), अमीरचंद्र आर्य (कांग्रेस), विनोद नायक (भाजपा), अभिषेक जैन (भाजपा) सहित अन्य पदाधिकारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।












Leave a Reply