मंडल रेल चिकित्सालय झाँसी में स्टाफ और मरीजों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों से किया जागरूक
झाँसी। पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक उपयोग पर रोक लगाने के उद्देश्य से रेल स्प्रिंग कारखाना सिथौली द्वारा आज एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। कारखाना के मुख्य कार्यशाला प्रबंधक शिवाजी कदम ने मंडल रेल चिकित्सालय झाँसी का भ्रमण कर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुलदीप स्वरूप मिश्रा के साथ मिलकर अस्पताल स्टाफ एवं मरीजों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

अभियान के दौरान कदम ने बताया कि प्लास्टिक का अत्यधिक प्रयोग न केवल पर्यावरण के लिए बल्कि मानव स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा बन रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्लास्टिक के स्थान पर कपड़े और अन्य प्राकृतिक विकल्पों का उपयोग कर हम भविष्य की पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण तैयार कर सकते हैं। इस मौके पर कदम ने अस्पताल परिसर में उपस्थित लोगों को कपड़े के थैले वितरित किए और प्लास्टिक मुक्त परिसर बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने सभी से कहा कि यह सिर्फ एक दिन का कार्यक्रम नहीं होना चाहिए, बल्कि इसे आदत बनाकर प्लास्टिक उपयोग को जीवन से पूरी तरह समाप्त करने की आवश्यकता है।

अस्पताल स्टाफ ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इस तरह के जागरूकता अभियान समाज में आवश्यक सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस कार्यक्रम से रेलवे के प्लास्टिक मुक्त परिसर अभियान को नई गति मिली है और उम्मीद है कि आने वाले दिनों में इससे अन्य विभागों और संस्थानों को भी प्रेरणा मिलेगी।













Leave a Reply