झाँसी। नगर के प्राचीन धार्मिक केंद्र शीतला माता मंदिर प्रांगण (मोंठ, जनपद झाँसी) में श्रद्धा, भक्ति और अध्यात्म का भव्य संगम देखने को मिलेगा। यहां दिनांक 23 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक “श्रीराम कथा अमृतवर्षा” का आयोजन किया जा रहा है। इस पावन धार्मिक अनुष्ठान में कथाव्यास परम श्रद्धेय आचार्य शान्तनु महाराज श्रीराम चरित्र की मधुर कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति-रस से सराबोर करेंगे। आयोजन का समापन 01 फरवरी 2026 को विराट भंडारे के साथ किया जाएगा।
मंगलवार को स्थानीय होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कुंवर प्रतिपाल सिंह रामजी परिहार, जिला अध्यक्ष सुधीर सिंह गौर, भाजपा के जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल, भाजपा नेता छत्रपाल सिंह राजपूत ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि स्वयं सेवक द्वारा संघ के शताब्दी वर्ष 100 वा पूरा होने पर मोठ के शीतला माता मंदिर प्रांगण में 23 जनवरी से 31 जनवरी तक श्रीमद भागवत कथा अमृत वर्षा का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ कलश यात्रा से होगा, जो शुक्रवार, 23 जनवरी को प्रातः 10 बजे शीतला माता मंदिर से प्रारंभ की जाएगी। इसके बाद प्रतिदिन श्रीराम कथा का वाचन श्रद्धालुओं के लिए आयोजित रहेगा। समस्त क्षेत्रवासियों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण का लाभ लें तथा पुण्य अर्जित करें।
कार्यक्रम को विशेष रूप से आकर्षक बनाने हेतु कथा अवधि में सांस्कृतिक आयोजनों की भी श्रृंखला रखी गई है। शनिवार, 24 जनवरी को भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें मुकुल द्विवेदी (वृंदावन) अपनी मधुर प्रस्तुतियों से भक्तों को मंत्रमुग्ध करेंगे। वहीं रविवार, 25 जनवरी को रासलीला का आयोजन किया जाएगा, जिसकी प्रस्तुति श्री बांके बिहारी मधुर रास लीला मंडल, वृंदावन द्वारा दी जाएगी।
इसके अतिरिक्त सोमवार, 26 जनवरी को दूसरी भजन संध्या में सुरभि चतुर्वेदी (जयपुर, राजस्थान) अपनी भक्तिमय प्रस्तुति देंगी। मंगलवार, 27 जनवरी को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन होगा, जिसमें मंच संचालन कवि सुमित (ओरछा, म.प्र.) द्वारा किया जाएगा। बुधवार, 28 जनवरी को खाटू श्याम भजन संध्या में चेतन बुजुर्गासी (मुंबई, महाराष्ट्र) की विशेष प्रस्तुति रहेगी।कार्यक्रम के अंतर्गत गुरुवार, 29 जनवरी को बुंदेली नाइट का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कविता शर्मा (बुंदेली गायिका, भोपाल) एवं आशीष उपाध्याय (कॉमेडी ग्रुप, सागर) बुंदेली रंग और हास्य से श्रोताओं को आनंदित करेंगे। वहीं शुक्रवार, 30 जनवरी को भजन संध्या की विशेष प्रस्तुति संत शिलोगान दास महाराज द्वारा दी जाएगी। आयोजन के अंतिम चरण में 31 जनवरी को श्रीराम कथा का पूर्णाहुति कार्यक्रम संपन्न होगा और अगले दिन 01 फरवरी 2026 को विशाल भंडारे का आयोजन कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया जाएगा।

आयोजन समिति ने समस्त श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे परिवार सहित कार्यक्रम में पधारकर श्रीराम कथा अमृतवर्षा का पुण्य लाभ प्राप्त करें तथा आयोजकों को सहयोग प्रदान करें। इस धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।












Leave a Reply