झाँसी। शहर में दबंगई और गुंडागर्दी का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें एक महिला ने कुछ लोगों पर अभद्रता, गाली-गलौज और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित करने के साथ-साथ जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने इस पूरे प्रकरण की लिखित शिकायत क्षेत्राधिकारी झाँसी को सौंपते हुए दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रेलगंज क्षेत्र स्थित पुलिया नंबर-9 की निवासी गणेशी कुशवाहा ने अपने प्रार्थना पत्र में बताया है कि 3 मार्च 2026 को सुबह लगभग 10 बजे वह उन्नाव गेट के बाहर स्थित एक प्लॉट पर अपना कार्य कर रही थीं। इसी दौरान कुछ लोग अपने साथियों के साथ मौके पर पहुँचे और आते ही उनके साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया।

पीड़िता का आरोप है कि उन लोगों ने उन्हें भद्दी-भद्दी गालियाँ दीं और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उनका अपमान किया। इतना ही नहीं, आरोप है कि उन्हें जबरन वहीं रोक लिया गया और खुलेआम जान से मारने की धमकी दी गई। इस घटना के बाद पीड़िता और उनका परिवार भय और मानसिक तनाव में है।
महिला ने अपने प्रार्थना पत्र में कहा है कि उसे इन लोगों से अपनी जान का खतरा है। इसलिए उसने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित व्यक्तियों और उनके साथियों के विरुद्ध तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि उसे न्याय और सुरक्षा मिल सके। शहर में इस घटना को लेकर लोगों के बीच भी चर्चा का माहौल बना हुआ है।












Leave a Reply