झाँसी। के.के. ग्रुप के तत्वावधान में सोमवार को झांसी के बड़ागांव गेट बाहर, बाबा का अटा के पास एक महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर अयोध्या धाम के संत वैदेही बल्लभ महाराज के मार्गदर्शन में शिव परिवार मंदिर की स्थापना, गौशाला तथा आश्रम के लिए चिन्हित भूमि पर विधि-विधान के साथ भूमि पूजन एवं हवन किया गया। पूरे आयोजन के दौरान वैदिक मंत्रोच्चारण और भक्तिमय वातावरण ने उपस्थित श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति से भर दिया।

भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान संत वैदेही बल्लभ महाराज ने कहा कि आश्रम और गौशाला केवल धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि मानव सेवा, गौ-सेवा और संस्कार निर्माण के केंद्र होंगे, जहाँ समाज को धर्म, करुणा और सेवा का मार्ग दिखाया जाएगा। इस अवसर पर केके ग्रुप कल्याणकारी संस्था के संस्थापक नत्थू कुशवाहा, केकेजी ग्रुप के फाउंडर एवं समाजसेवी दिलीप पाण्डे, एडवोकेट हाजी जैद रिजवान मंसूरी, अनिल वर्मा, पंकज परासर सहित अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में के.के.जी. के फाउंडर दिलीप पाण्डे ने अपने वक्तव्य में कहा, हमारा उद्देश्य केवल भवन निर्माण नहीं, बल्कि समाज में सेवा, संस्कार और सहयोग की भावना को मजबूत करना है। वैदेही बल्लभ महाराज के सान्निध्य में यह आश्रम, गौशाला और मंदिर आने वाले समय में गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों के लिए आश्रय व सेवा का केंद्र बनेगा। के के ग्रुप समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा। उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान समय में आध्यात्मिक और सामाजिक संस्थाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है और ऐसे प्रयास समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित श्रद्धालुओं ने हवन-पूजन में सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित किया तथा संत वैदेही बल्लभ महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। आयोजन को लेकर क्षेत्र में धार्मिक एवं सामाजिक उत्साह का माहौल देखने को मिला। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि समाजसेवा, गौ-संरक्षण और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण का सशक्त संदेश भी देकर गया।












Leave a Reply