झाँसी। उन्नाव गेट बाहर पंचवटी क्षेत्र में 8/9 नवम्बर की रात उस समय हड़कंप मच गया जब कुछ दबंग तत्वों ने दो युवकों पर हमला कर बीच सड़क पर फायरिंग कर दी। घटना रात लगभग 11:15 बजे की है, जब दुल्हन वाटिका से भोजन कर बाहर निकल रहे स्थानीय निवासी दिनेश चौधरी और अनूप गुप्ता उर्फ मोटे को अचानक घेर लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक कथित जुआ माफिया अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और बिना किसी बात के गाली-गलौज करते हुए दिनेश चौधरी पर थप्पड़ मारने लगा। आरोपियों ने इस दौरान जातिगत अपमानजनक शब्दों का प्रयोग कर माहौल को और तनावपूर्ण बना दिया।

मित्र को बचाने की कोशिश कर रहे अनूप गुप्ता पर हमलावर ने कट्टे से फायर कर दिया, हालांकि किस्मत ने साथ दिया और गोली उन्हें छू नहीं पायी। अचानक हुई फायरिंग से आसपास भगदड़ मच गई और आरोपी तमंचा लहराते हुए फरार हो गए। पीड़ित पक्ष ने इसकी सूचना तत्काल आकस्मिक सेवा नंबर 112 पर दी, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और घटनास्थल से एक तमंचा, तीन खोका व एक जिंदा कारतूस बरामद किए।

निरंकुश अराजक तत्वों की करतूतों से दहशत में लोग– घटना ने एक बार फिर उजागर कर दिया है कि क्षेत्र में अराजक तत्व किस कदर बेखौफ हो चुके हैं। देर रात खुलेआम फायरिंग और धमकी देना बताता है कि ऐसे लोगों के मन में कानून का कोई भय नहीं बचा। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र में असामाजिक तत्व सक्रिय हैं, लेकिन उन पर सख्त कार्रवाई न होने से उनका मनोबल लगातार बढ़ रहा है।
पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल– पीड़ितों के अनुसार उनकी शिकायत पर अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। दिनेश चौधरी ने कहा कि अगर पुलिस जल्द कार्रवाई नहीं करती तो वे वरिष्ठ अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाएंगे। घटना के बाद क्षेत्रवासियों में नाराजगी है। लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने, असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा की भावना बहाल हो सके।












Leave a Reply