10 नवंबर 2025 की शाम 6:52 बजे लाल किले मेट्रो स्टेशन के बाहर हुआ धमाका केवल एक दर्दनाक घटना नहीं, बल्कि देश की आंतरिक सुरक्षा पर सीधी चोट है। राजधानी के हृदय स्थल पर इस तरह का शक्तिशाली विस्फोट यह साबित करता है कि आतंक का नेटवर्क न सिर्फ सक्रिय है, बल्कि योजनाबद्ध तरीके से बड़े पैमाने पर तबाही मचाने में सक्षम हो चुका है।

इस ब्लास्ट में सामने आए तथ्य जितने चौंकाने वाले हैं, उतने ही चिंताजनक भी। जिस कार में धमाका हुआ, उसमें अमोनियम नाइट्रेट फ्यूल ऑयल (ANFO) जैसे भारी विस्फोटक का उपयोग किया गया। इससे भी अधिक खतरनाक बात यह कि यह घटना एक बड़े प्लान की सिर्फ शुरुआत थी। जांच एजेंसियों को 32 कारों में विस्फोटक तैयार किए जाने के सबूत मिले हैं। यह स्थिति हमें 90 के दशक से लेकर 2008 के बाद तक के उन हमलों की याद दिलाती है, जब भारत बार-बार आतंकियों के निशाने पर रहा और लापरवाही की कीमत देश ने बहुत भारी चुकाई।

यह निश्चित है कि अगर इतने बड़े नेटवर्क ने अपनी पूरी योजना को अंजाम दे दिया होता, तो परिणाम विनाशकारी होते। धमाके की संभावित तारीख 6 दिसंबर का चयन भी साफ संदेश देता है कि उद्देश्य सिर्फ जान-माल की हानि करना नहीं, बल्कि सांप्रदायिक माहौल को भड़काकर देश को अस्थिर करना था।

भयावह तस्वीर यह भी है कि 2,900 किलोग्राम विस्फोटक किसी भी हाल में आकस्मिक इकट्ठा नहीं किया जा सकता। इसके पीछे संगठित लॉजिस्टिक सपोर्ट, आर्थिक मदद, तकनीकी प्रशिक्षण और स्थानीय स्तर पर सहायता करने वाले लोग अवश्य मौजूद हैं। यह नेटवर्क कैसे विकसित हुआ? सुरक्षा एजेंसियाँ इसे पहले क्यों नहीं पकड़ सकीं? यह प्रश्न सिर्फ जांच एजेंसियों पर नहीं, बल्कि राजनीतिक नेतृत्व और प्रशासनिक तंत्र पर भी सवाल खड़ा करते हैं।

आज हम एक ऐसे दौर में खड़े हैं, जहाँ तकनीक ने आतंकवादी गतिविधियों को आसान बना दिया है। ड्रोन, एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग और फर्जी पहचान के सहारे आतंक की रणनीतियाँ और जटिल हुई हैं। ऐसे में यह आवश्यक है कि देश की खुफिया व्यवस्था पुराने ढांचे पर निर्भर न रहे।राष्ट्रीय सुरक्षा केवल हथियारों और जवानों से नहीं, बल्कि सूचना तंत्र की मजबूती से सुनिश्चित होती है। यह समय है जब केंद्र व राज्य सरकारें मिलकर खुफिया एजेंसियों के बीच तालमेल मजबूत करें, डार्क वेब निगरानी तंत्र को उन्नत बनाएं, सीमाओं पर निगरानी बढ़ाएं और सबसे महत्वपूर्ण देश के भीतर सहानुभूति रखने वाले स्लीपर सेल्स को जड़ से खत्म करें।

सुप्रीम कोर्ट द्वारा आरोपी की जमानत याचिका खारिज करना स्वागत योग्य कदम है। परंतु अदालतों की सख्ती तभी सार्थक होगी, जब जांच तेज और सटीक हो, तथा दोषियों को अदालत तक लाने में कोई चूक न हो।यह धमाका हमें एक बार फिर चेतावनी देता है कि सुरक्षा की लड़ाई सतत लड़नी पड़ती है। चूक देश को बहुत महंगी पड़ सकती है। अब समय है कि सरकार और सुरक्षा एजेंसियाँ केवल प्रतिक्रिया न करें, बल्कि सक्रिय और आक्रामक रणनीति अपनाएँ ताकि देश की राजधानी ही नहीं, पूरा देश सुरक्षित रह सके। भारत की सुरक्षा व्यवस्था को अब अपग्रेड करना ही होगा नहीं तो अगला ब्लास्ट कहीं और, किसी और शाम हमारे दिलों को फिर दहला सकता है।
(नोटः समस्त फोटो साभार सोशल साइट्स/मीडिया)











Leave a Reply