झाँसी। गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर जब पूरा देश देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया, उसी क्रम में जनपद झांसी के बड़ागांव ब्लॉक स्थित कंपोजिट विद्यालय भूप नगर में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के भावों के साथ मनाया गया।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका वंदना श्रीवास्तव के नेतृत्व में विद्यालय परिसर में शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं की उपस्थिति में तिरंगा ध्वज फहराया गया। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान की गूंज से पूरा विद्यालय परिसर देशप्रेम के भाव से ओत-प्रोत हो गया। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए उन्हें भावपूर्ण नमन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को देश की एकता, अखंडता और संविधान के महत्व के बारे में बताया गया तथा उनमें राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करने का संदेश दिया गया। विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी छात्र-छात्राओं को मिष्ठान वितरण कर गणतंत्र दिवस की खुशियां साझा की गईं।
इस अवसर पर शिक्षिका हेमलता वर्मा, शिवानी श्रीवास, अभिलाषा राजपूत, शिक्षक योगेंद्र सिंह सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का संचालन वीरेश बहादुर सिंह ने किया, जबकि अंत में हेमलता वर्मा ने सभी आगंतुकों व सहभागियों का आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम ने बच्चों के मन में देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत किया।













Leave a Reply