सिविल डिफेंस झाँसी का 63वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया

Spread the love

मुख्य अतिथि नगर मजिस्ट्रेट प्रमोद झा ने किया ध्वजारोहण, वरिष्ठ अधिकारियों के बधाई संदेश पढ़े गये

झाँसी। सिविल डिफेंस झांसी मुख्यालय में आज 63वां स्थापना दिवस गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रमोद झा, प्रभारी सिविल डिफेंस/नगर मजिस्ट्रेट रहे, जबकि कार्यक्रम का नेतृत्व आनंद कुमार सक्सेना, चीफ वार्डन/कमांडिंग ऑफिसर ने किया। स्थापना दिवस समारोह में सिविल डिफेंस के अधिकारी, वार्डन, फायर फाइटर्स व अन्य कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और संगठन की सेवा भावना तथा समर्पण को याद किया।

ध्वजारोहण के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत से हुई, जहाँ वरिष्ठ अधिकारियों को बुके भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि प्रमोद झा, चीफ वार्डन आनंद सक्सेना, प्रभारी डिप्टी चीफ वार्डन विनय सिजरिया व अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा सिविल डिफेंस ध्वज का ध्वजोतोलन किया गया। ध्वजारोहण के साथ पूरा परिसर देशभक्ति से गूंज उठा। सिविल डिफेंस परिवार द्वारा सामूहिक राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया, जिसने वातावरण को भावुक और गरिमामय बना दिया।

वरिष्ठ अधिकारियों के शुभकामना संदेशों का वाचन

कार्यक्रम में केंद्रीय़ गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, केंद्रीय महानिदेशक अग्निशमन एवं नागरिक सुरक्षा सुनील झा, तथा पुलिस महानिदेशक/निदेशक नागरिक सुरक्षा उत्तर प्रदेश ध्रुव कांत ठाकुर द्वारा भेजे गए बधाई संदेशों को वरिष्ठ वार्डन्स ने मंच से पढ़कर सुनाया। इन संदेशों में सिविल डिफेंस संगठन के कार्यों की सराहना की गई और सेवा भावना को आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया।

वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि प्रमोद झा, चीफ वार्डन आनंद सक्सेना, प्रभारी डिप्टी चीफ वार्डन विनय सिजरिया सहित प्रमुख अतिथियों द्वारा सिविल डिफेंस प्रांगण में वृक्षारोपण भी किया गया। अधिकारियों ने कहा कि सिविल डिफेंस केवल सुरक्षा ही नहीं, बल्कि समाज और पर्यावरण के प्रति भी उत्तरदायित्व निभाता है।

वरिष्ठ अधिकारियों और वार्डन रहे उपस्थित

कार्यक्रम में प्रभारी डिप्टी चीफ वार्डन विनय सिजरिया, क्षेत्राधिकारी नगर लक्ष्मी नारायण गौतम, अपर नगर मजिस्ट्रेट अजय कुमार, सहायक उप नियंत्रक सुनील कुमार सिंह, किलपन डिवीजनल वार्डन अतुल अग्रवाल, प्रभारी सहायक उप नियंत्रक सुमित गौण, डिप्टी डिवीजनल वार्डन अंबिका प्रसाद श्रीवास्तव, संदीप कुमार गुप्ता, घटना नियंत्रण अधिकारी प्रभुदयाल साहू, जगमोहन कश्यप, सुदर्शन शिवहरे, अंकुर बट्टा, संजय वर्मा, पवन कौशिक, पूर्व स्टाफ ऑफिसर दिलीप अग्रवाल, पूर्व डिवीजनल वार्डन भूपेंद्र खत्री, कोतवाली एवं नगरा प्रभाग के पोस्ट वार्डन व सेक्टर वार्डन, संदेशवाहक, फायर फाइटर्स और कार्यालय कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन और धन्यवाद ज्ञापन

कार्यक्रम का संचालन अतुल अग्रवाल किलपन ने किया। अंत में चीफ वार्डन आनंद कुमार सक्सेना एवं प्रभारी डिप्टी चीफ वार्डन विनय सिजरिया ने सभी अतिथियों और उपस्थितजन का आभार व्यक्त किया। सिविल डिफेंस के स्थापना दिवस ने आज यह संदेश दिया कि आपदा प्रबंधन और जनसुरक्षा की इस अनूठी सेवा भावना को निभाने वाले ये योद्धा समाज के लिए अनमोल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *