झाँसी। नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित प्रथम इंटरनेशनल यूथ विंटर गेम्स–2025 में झांसी की बेटी अदिति भटनागर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत का नाम रोशन किया है। योगासन स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रतिभा का परिचय देते हुए अदिति ने तीसरा स्थान प्राप्त कर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।
यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 26 दिसंबर से 29 दिसंबर तक चार दिनों तक चली, जिसमें कराटे, जूडो, आम रेसलिंग, योगासन सहित विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया।
भारत सहित कई देशों के युवा खिलाड़ियों ने इसमें प्रतिभाग किया। झांसी के सीपरी बाजार प्रेमगंज निवासी, सन साइन क्लीनिक की संचालिका डॉ. अर्चना भटनागर की पुत्री अदिति भटनागर ने भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए योगासन स्पर्धा में भाग लिया और अपने अनुशासन, संतुलन व आत्मविश्वास से निर्णायकों को प्रभावित किया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अदिति को यूनियन यूथ एसोसिएशन इंडिया की ओर से ब्रॉन्ज मेडल व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। अदिति की इस उपलब्धि से न केवल परिवार बल्कि पूरे झांसी जिले में हर्ष और गर्व का माहौल है।
अदिति की सफलता महिला सशक्तिकरण की सशक्त मिसाल है। यह उपलब्धि साबित करती है कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। खेलों के माध्यम से अनुशासन, आत्मबल और राष्ट्रगौरव को आगे बढ़ाने वाली अदिति आज जिले की अन्य बालिकाओं और युवतियों के लिए प्रेरणा बनकर उभरी हैं।
झांसी की इस होनहार बेटी को मिल रही बधाइयों का सिलसिला लगातार जारी है, वहीं खेल प्रेमियों ने उम्मीद जताई है कि भविष्य में अदिति अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत के लिए और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगी।













Leave a Reply