झाँसी। हॉकी जगत के महानायक और विश्वविख्यात हॉकी जादूगर मेजर ध्यानचंद की 46वीं पुण्यतिथि 3 दिसंबर को झांसी के ऐतिहासिक हीरोज़ मैदान स्थित उनके समाधि स्थल पर श्रद्धा और शिद्दत के साथ मनाई जाएगी। यह वही मैदान है जहाँ कभी चांदनी रात में नंगे पांव खेलते हुए ध्यान सिंह से ध्यानचंद बनने तक की ऐतिहासिक यात्रा ने जन्म लिया था। यहीं से उन्होंने हॉकी में वह कौशल हासिल किया, जिसने 1928, 1932 और 1936 ओलंपिक खेलों में भारत को लगातार तीन स्वर्ण पदक दिलाए और दुनिया ने उन्हें हॉकी का जादूगर कहा।

कार्यक्रम में देश के प्रमुख वक्ता होंगे शामिल
इस विशेष अवसर पर विख्यात डॉक्यूमेंट्री फिल्मकार और राष्ट्रीय मीडिया जगत का बड़ा नाम राजेश बादल मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे। राज्यसभा टीवी, आज तक और अन्य प्रमुख चैनलों पर अपनी कला, आवाज और प्रस्तुतियों से पहचान बनाने वाले बादल, इस मौके पर अपनी प्रसिद्ध डॉक्यूमेंट्री “जादूगर” का विशेष अवलोकन भी कराएंगे। इसके साथ ही वे झांसी के प्रशासनिक अधिकारियों, प्रबुद्धजनों, खेल प्रेमियों और युवाओं से संवाद करेंगे। साथ में वरिष्ठ खेल पत्रकार, लेखक और प्रशासक मनीष कुमार भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे और मेजर ध्यानचंद के अविश्वसनीय खेल व्यक्तित्व पर प्रकाश डालेंगे।

हॉकी खिलाड़ियों का होगा सम्मान
कार्यक्रम के दौरान बेंगलुरु के एम. रमेश सुराना झांसी के उन प्रतिभाशाली हॉकी खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे, जिन्होंने मेजर ध्यानचंद की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए झांसी का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर गौरवान्वित किया है।

समिति ने दिया आमंत्रण
हीरोज़ क्रीड़ा खेल समिति ने शहरवासियों से आग्रह किया है कि वे बड़ी संख्या में शामिल होकर भारत के इस महान रत्न, खेल जगत के गौरव मेजर ध्यानचंद को श्रद्धा सुमन अर्पित करें। कार्यक्रम 3 दिसंबर की शाम 4:30 बजे, हीरोज़ मैदान, झांसी स्थित समाधि स्थल पर आयोजित होगा।












Leave a Reply