Advertisement

भारतीय संविधान की प्रस्तावना महत्वपूर्ण एवं गरिमामयी: मण्डलायुक्त

Spread the love

झाँसी। आज मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे की अध्यक्षता में “संविधान दिवस” के अवसर पर आयुक्त कार्यालय के अधिकारियों/कर्मचारियों की उपस्थिति में संविधान की प्रस्तावना का पठन-पाठन आयुक्त सभागार में किया गया। इस अवसर पर संविधान की प्रस्तावना का पाठन करते हुए मण्डलायुक्त ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ शपथ ली कि, “हम, भारत के लोग, भारत को एक संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथ-निरपेक्ष, लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने के लिए तथा उसके समस्त नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय, विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, आस्था और उपासना की स्वतंत्रता, प्रतिष्ठा और अवसर की समता प्राप्त कराने के लिए, तथा उन सब में व्यक्ति की गरिमा और राष्ट्र की एकता और अखंडता सुनिश्चित करने वाली बंधुता बढ़ाने के लिए सत्यनिष्ठा से संकल्प लेते हुए अपनी संविधान सभा में इस संविधान को अंगीकृत, अधिनियमित और आत्मार्पित करते हैं।”

मण्डलायुक्त ने बताया कि भारतीय संविधान की प्रस्तावना को हमारे देश के विद्वानों द्वारा गम्भीर विचार-विमर्श के बाद अंगीकृत किया गया। भारतरत्न डाॅ0 भीमराव अम्बेडकर जी के नेतृत्व में भारतीय संविधान का निर्माण हुआ, जिसमें देश के प्रत्येक व्यक्ति के उत्थान के लिए मौलिक अधिकार प्रदान किये गये। भारतीय संविधान की प्रस्तावना इतनी महत्वपूर्ण एवं गरिमामयी है कि हम सभी को भारतीय संविधान की प्रस्तावना में उल्लिखित प्रत्येक शब्द का अनुपालन करना चाहिए। आज हम सभी को भारतीय संविधान के प्रति राष्ट्र के विकास के लिए अपना योगदान करने हेतु संविधान में लिखित सभी शब्दों को अपने जीवन एवं आचरण में धारण करने का संकल्प लेना चाहिए।

इस दौरान अपर आयुक्त प्रशासन उमाकान्त त्रिपाठी, अपर आयुक्त न्यायिक प्रियंका सिंह, एडी सूचना सुरजीत सिंह, प्रशासनिक अधिकारी राजेश कुमार श्रीवास्तव, वैयक्तिक सहायक राकेश कुमार, फिरोजा, नईम, गौरव, राजकुमार सहित आयुक्त कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *